- घटेरा पंचायत भवन में मुख्यमंत्री जन विश्वास संवाद कार्यक्रम में आवेदकों से सीधे संवाद कर संवेदनशीलता की मिसाल
विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत बासौदा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत घटेरा के नवीन पंचायत भवन में आज मुख्यमंत्री जन विश्वास संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने ग्रामीणों और आवेदकों से जमीन पर बैठकर सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि विधायक श्री हरिसिंह रघुवंशी और कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आवेदकों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी समस्याओं को सुना। इस सहज और आत्मीय संवाद से ग्रामीणों ने बिना किसी संकोच के अपनी मूलभूत समस्याएं जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं।

कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी ली तथा जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव था, उनका मौके पर ही समाधान कराया गया। शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संवाद के दौरान ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मूलभूत सुविधाओं, शासकीय योजनाओं का लाभ, सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, पेंशन, राजस्व सहित अन्य स्थानीय समस्याओं के संबंध में आवेदन एवं समस्याएं प्रस्तुत की गईं। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया एवं संबंधित विभाग द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास संवाद का उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
कलेक्टर ने उद्यमियों से किया संवाद, स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के लाभ बताए

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान योजना अंतर्गत त्योंदा पंचायत भवन के सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने उद्यमियों एवं विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया। कार्यक्रम में बासौदा क्षेत्र के उद्योगपति, उद्यमी तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से लाभान्वित हितग्राही उपस्थित रहे
कलेक्टर ने उद्यमियों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद करते हुए उनके व्यवसाय, स्वरोजगार गतिविधियों तथा योजनाओं के माध्यम से प्राप्त सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली सहायता, ऋण, अनुदान एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। साथ ही हितग्राहियों की समस्याओं एवं कठिनाइयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर-
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत कंप्यूटर सेंटर के लिए लाभान्वित उद्यमी श्री अमित जैन से भी कलेक्टर ने चर्चा की। श्री जैन द्वारा क्षेत्र के लोगों को विभिन्न ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रदान करने तथा एमपी ऑनलाइन से संबंधित गतिविधियों में सहयोग किए जाने की जानकारी दी गई।
कलेक्टर ने श्री अमित जैन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए नागरिकों को जागरूक करने तथा डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में भी लोगों को जानकारी देने की आवश्यकता बताई।

हितग्राहियों से लिया योजनाओं का फीडबैक –
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें प्राप्त लाभ और सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य युवाओं, छोटे उद्यमियों, कारीगरों, स्वरोजगार से जुड़े व्यक्तियों तथा छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाया जाए तथा आवेदन, ऋण, अनुदान अथवा अन्य प्रक्रियाओं से संबंधित समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण किया जाए।
संपादक मयंक सक्सेना की रिपोर्ट