विदिशा, भोपाल संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा एवं कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित यशोदा एडॉप्शन सेंटर, विदिशा में निवासरत एक शिशु को केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप महाराष्ट्र के एक योग्य एवं पात्र दत्तक परिवार को विधिवत सुपुर्द किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता कांसवा ने बताया कि दत्तक ग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए संपन्न की गई। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, चिकित्सकीय परीक्षण तथा अन्य सभी कानूनी औपचारिकताओं के उपरांत शिशु को उसके नए परिवार को सौंपा गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को परिवार का स्नेह, सुरक्षा एवं बेहतर भविष्य प्राप्त होना उसका अधिकार है। दत्तक ग्रहण के माध्यम से निराश्रित एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को प्रेमपूर्ण पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे उनके जीवन को नई दिशा और बेहतर अवसर मिलते हैं।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय विदिशा के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजेंद्र छारी, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती सरिता शुक्ला एवं श्री संतोष रघुवंशी तथा विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन द्वारा संचालित यशोदा एडॉप्शन सेंटर के सामाजिक कार्यकर्ता श्री शुभम गुप्ता उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि विदिशा जिले से अब तक 32 बच्चों का सफलतापूर्वक दत्तक ग्रहण कराया जा चुका है, जिनमें 5 बच्चों को विदेशी परिवारों तथा 27 बच्चों को भारतीय परिवारों ने गोद लिया है। यह उपलब्धि जिले में बाल संरक्षण एवं पुनर्वास के क्षेत्र में किए जा रहे सतत एवं संवेदनशील प्रयासों का प्रमाण है।